आबकारी निरीक्षक द्वारा किसान से वसूले गए रुपये का मामला, राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने दिया ज्ञापन, एसडीएम की गैर मौजूदगी में नायब तहसीलदार को सौंपा
लखीमपुर खीरी Mar 06, 2026 at 06:35 PM , 178गोला गोकर्णनाथ खीरी,
आबकारी विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर किसान से कथित रूप से जबरन वसूली करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने एसडीएम को संबोधित विज्ञापन उनकी गैर मौजूदगी में नायब तहसीलदार को सौंप कर कार्यवाही की मांग की है।
संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि घटना 1 मार्च की है। ग्राम भैंसटा थाना हैदराबाद निवासी किसान मदन लाल का आरोप है कि वह चीनी मिल गोला गोकर्णनाथ में गन्ना बेचकर शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहा था। इसी दौरान चीनी मिल के निकट डाइवर्जन रोड पर आबकारी विभाग के कुछ लोग कार में मौजूद थे, जिनमें कुछ वर्दी में और कुछ सादे कपड़ों में बताए गए हैं।
पीड़ित किसान का आरोप है कि आबकारी निरीक्षक अवनीश रावत ने उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवाकर कार का इंडिकेटर तोड़ने का आरोप लगाया और उसे जबरन कार में बैठाकर चीनी मिल परिसर स्थित आबकारी कार्यालय ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और 12 हजार की मांग की गई थी।आरोप है कि पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी भी दी गई। भय के चलते किसान ने अपने घर फोन कर 5 हजार मंगवाकर आबकारी कर्मियों को दिए, जिसके बाद उसे छोड़ा था।
राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने कहा कि यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी वर्दी का इस्तेमाल आम जनता, खासकर गरीब किसानों से वसूली के लिए किया जा रहा है, तो यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और हिंदुस्तान में खबर प्रकाशित होने के बावजूद अब तक उच्च स्तरीय जांच शुरू न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
संगठन ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और किसान से लिए गए पांच हजार रुपये वापस कराए जाएं। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बताया गया कि इस संबंध में जिलाधिकारी, आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ और मुख्यमंत्री को भी रजिस्टर्ड डाक से भेजा गया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा, जिला अध्यक्ष संतोष सिंह भदौरिया, सुरेश चंद्र कनौजिया एडवोकेट, विजेंद्र यादव एडवोकेट, विजय कुमार, अरुण कुमार यादव, लाल बहादुर सिंह यादव एडवोकेट, सुरेंद्र कुमार अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद थे।






_page-0001.jpg)
























Comments