होली पर सरयू में बड़ा हादसा: स्नान के दौरान डूबे दो किशोर, गांव में मातम

लखीमपुर खीरी , 163

अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज गांव में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। रंग खेलने के बाद तीन किशोर स्नान के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित सरयू के कलाफरपुर घाट पर गए थे। स्नान के दौरान वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
डूबते देख तीनों ने एक-दूसरे को बचाने की कोशिश की, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो सका। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन दो अन्य किशोरों को नहीं बचाया जा सका।
हादसे में डूबकर जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान मुबारकगंज निवासी राज सैनी और सुमित कोरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। होली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रौनाही थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य कराया गया। दोनों किशोरों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top