निघासन नगर पंचायत के सुक्खन में ‘गरीबों की मुस्कान मेरी पहचान’ मिशन की पहल, अग्नि पीड़ितों को मिली राहत सामग्री।

लखीमपुर खीरी , 124

निघासन खीरी। 

निघासन। नगर पंचायत क्षेत्र के सुक्खन मोहल्ले में हाल ही में लगी भीषण आग से कई परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस दर्दनाक हादसे में रज्जन, संतोष, पल्लू, सुखरानी, दीपू और अनिल सहित अन्य परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घरों में रखा अनाज, कपड़े और रोजमर्रा का सामान आग की लपटों में स्वाहा हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।

इस कठिन समय में ‘गरीबों की मुस्कान मेरी पहचान’ मिशन टीम के रमाशंकर निषाद मानवता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया। मिशन की ओर से समाजसेवी रमाशंकर निषाद निवासी कामतानगर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अग्नि पीड़ित परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना ही सच्ची सेवा है।

राहत सामग्री के तहत प्रत्येक प्रभावित परिवार को 25 किलो चावल, 5 किलो आटा, 2 किलो दाल, 5 किलो प्याज और सरसों का तेल प्रदान किया गया। इस सहयोग से पीड़ित परिवारों को तत्काल भोजन की व्यवस्था में काफी राहत मिली। आग की घटना के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थे और उनके सामने भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। ऐसे में यह मदद उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रही।

रमाशंकर निषाद ने कहा कि समाज में जब भी किसी पर विपत्ति आती है तो हम सबका कर्तव्य बनता है कि आगे बढ़कर सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए मिशन की टीम तत्पर रहेगी। राहत वितरण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी मिशन की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

अग्नि पीड़ित परिवारों ने भावुक होकर मिशन टीम और रमाशंकर निषाद का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि आग ने उनका सब कुछ छीन लिया, लेकिन समाज के सहयोग ने उन्हें हिम्मत दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन भी जल्द से जल्द स्थायी सहायता उपलब्ध कराएगा ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि इसी तरह समाज के लोग आगे आते रहें, तो किसी भी आपदा का सामना मिलकर किया जा सकता है। गरीबो की मुस्कान मेरी पहचान’ मिशन की यह पहल न केवल जरूरतमंदों के लिए राहत लेकर आई, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना का एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।  इस मौके पर नंदकिशोर आर्या, कंचन सिंह, जितेंद्र राज, प्रमोद कुमार साहनी,संदेश साहनी मौजूद रहे

Related Articles

Comments

Back to Top