नि:शुल्क “पशु चिकित्सा शिविर” का हुआ आयोजन
लखीमपुर खीरी Mar 01, 2026 at 06:53 PM , 132(हरिशंकर मिश्र)
लखीमपुर खीरी। सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर पशुचिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने, पशुधन के स्वास्थ्य स्तर को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 28 फरवरी 2026 को 70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ‘बी’ समवाय के AOR ग्राम मटेही, जनपद बहराइच में नि:शुल्क पशुचिकित्सा शिविर (VCA) का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया ।
उक्त पशुचिकित्सा शिविर का आयोजन मुकेश कुमार गौतम, द्वितीय कमान अधिकारी, 70वीं वाहिनी के कुशल दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया । शिविर में डॉ. जयप्रकाश कुमार, पशुचिकित्सा अधिकारी, मिहीपुरवा (बहराइच) द्वारा अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहकर पशुओं की गहन स्वास्थ्य जाँच, उपचार एवं परामर्श सेवाएँ प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान क्षेत्रीय पशुपालकों के दुधारू पशु, गाय-भैंस, बकरी आदि का परीक्षण कर आवश्यक दवाइयाँ नि:शुल्क वितरित की गईं। इस अवसर पर कुल 162 पशुओं का उपचार किया गया, जिससे 29 पशुपालक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। पशुपालकों में शिविर को लेकर विशेष उत्साह देखा गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संतुलित आहार, स्वच्छता, मौसमी रोगों से बचाव एवं पशुपालन से आयवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर 02 प्रेरणात्मक एवं जागरूकता वार्ताओं का आयोजन किया गया। इन वार्ताओं के माध्यम से ग्रामीणों को वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे पशुधन की उत्पादकता बढ़ सके और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो।
शिविर में उपस्थित सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें यह विश्वास दिलाया गया कि 70वीं वाहिनी न केवल सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
ग्रामीणों एवं पशुपालकों द्वारा 70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के इस जनहितकारी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की गई।
उल्लेखनीय है कि 70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा नागरिक कार्यवाही कार्यक्रमों के अंतर्गत समय-समय पर पशुचिकित्सा शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास, सहयोग एवं सद्भावना का वातावरण सुदृढ़ हो रहा।






_page-0001.jpg)
























Comments