सफाई नायक-कर्मियों के लिए कार्यशाला हुई आयोजित

लखीमपुर खीरी , 174

लखीमपुर-खीरी । नगर पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे विलोबी हॉल में सफाई नायक और सफाई कर्मियों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य स्वच्छता 
के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना था।
कार्यशाला के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत कचरा प्रबंधन, सूखे और गीले कचरे को अलग करने की प्रक्रिया, घर-घर कचरा संग्रहण और जनभागीदारी बढ़ाने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। यह जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत की गई।
अधिकारियों ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए जमीनी स्तर पर जागरूकता और नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर नगर पालिका ईओ संजय कुमार का अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। ईओ संजय कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पालिका को राष्ट्रीय स्तर पर 108वां स्थान मिला था, जबकि मंडल में शहर सफाई के मामले में दूसरे नंबर पर रहा था। उन्होंने इस वर्ष पहले स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
संजय कुमार ने यह भी जानकारी दी कि शहर पूरी तरह खुले में शौच मुक्त है। आवासीय क्षेत्रों में नियमित रूप से झाडू और साफ-सफाई कराई जा रही है, जबकि बाजार और व्यावसायिक इलाकों में दिन में दो बार विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि प्रशासन, सफाई कर्मियों और आम जनता के सहयोग से इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर निश्चित रूप से बेहतर रैंक हासिल करेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top