तेंदुए ने किया युवक पर हमला खेत काम कर रहे युवक घायल, लखनऊ रेफर, ग्रामीण आक्रोशित

लखीमपुर खीरी , 132

लखीमपुर-खीरी। मझगई वन रेंज के बेला कला गांव में तेंदुए ने खेत में काम कर रहे एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है।
गौरतलब है कि बेला कला निवासी अरविंद कुमार अपने खेत में गन्ने की बुवाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अरविंद के चीखने-चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका था। घायल अरविंद को तुरंत पलिया स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया। वहां से उन्हें आगे के बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की और आरोप लगाया कि पिछले एक महीने में यह तीसरी बड़ी घटना है। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में विफल रहा है। इस दौरान, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और वन कर्मियों के बीच तीखी बहस और हाथापाई भी हुई।तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, डिप्टी रेंजर मनोज कुमार यादव ने पीड़ित परिवार को 7,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। वन विभाग ने बताया कि वे तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीण अभी भी भयभीत हैं और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top