बारात से लौटते समय दो बाइकों की धागंडे से टक्कर, तीन युवकों की मौत, तीन घायल

लखीमपुर खीरी , 136

निघासन खीरी
निघासन कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रहे चार युवकों की बाइक और दूसरी बाइक सेमल से लदे धागंडे से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, निघासन कोतवाली क्षेत्र के बरोठा गांव से सिंगाही थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गई बारात से चार युवक एक ही राइडर बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निघासन–सिंगाही रोड पर मोटे बाबा सरजू पुल से पहले सिंगाही की ओर से निघासन आ रहे सेमल से लदे धागंडे में पीछे से उनकी बाइक जा टकराई। उसी समय सिंगाही के भिड़ौरा वार्ड नंबर चार के युवक अपने बाहर से आ रहे रिश्तेदार को लेने निघासन आ रहे थे, उनकी बाइक भी धागंडे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही निघासन कोतवाल महेशचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बिरजू (25) पुत्र जगदीश गौतम निवासी पचपेड़ी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना पर एसडीएम राजीव निगम, सीओ शिवम कुमार सहित सिंगाही इंस्पेक्टर मनीष कुमार सिंह और तिकुनिया इंस्पेक्टर पुष्पराज कुशवाहा भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल सेमल से लदे धागंडे और दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों में विकास (23) पुत्र सीताराम निवासी बरोठा, सुरेश (20) पुत्र रमेश निवासी वार्ड नंबर चार कस्बा सिंगाही और छोटू (22) पुत्र पुत्तूलाल निवासी सिंगाही शामिल हैं। वहीं बिरजू 20 पुत्र जगदीश निवासी पचपेड़ी, हीरालाल 60 पुत्र शिवचरन और सुंदरेश 40 पुत्र हीरालाल गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top