कार और बाइक की भिड़ंत में तीन वर्षीय बच्ची की मौत युवक गंभीर घायल

लखीमपुर खीरी , 125

लखीमपुर खीरी। फरधान क्षेत्र में बुधवार की रात पलिया हाईवे पर हादसा हो गया। गोपालापुर गांव के समीप हाईवे पर बाइक और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में सवार तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बच्ची के माता-पिता मामूली चोटिल हुए हैं। फरधान थाना क्षेत्र के मोहम्मद उमर अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी अशरा के साथ कार से बुधवार को कोतवाली सदर के गांव शिवालापुरवा रिश्तेदार में गए थे। वहां से वापसी में रात हो गई। रात नौ बजे घर जा रहे थे। पलिया हाईवे पर गोपालापुर गांव के निकट सामने से आ रही बाइक से कार टकरा गई। टक्कर लगने से अनियंत्रित हुई कार के एयर बैग खुल गए। कार चालक मोहम्मद उमर अगली सीट पर बैठी मां की गोद में बैठी मासूम अशरा घायल हो गई बाइक चालक अतुल वर्मा (20 वर्ष) विजय वर्मा निवासी सहनियापुर (क्योंटीकलां) सीतापुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने देखते ही मासूम अशरा को मृत घोषित कर दिया। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गोपालापुर गांव के पास सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घायल बाइक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।

Related Articles

Comments

Back to Top