*फर्रुखाबाद में पेंशनरों के लिए विशेष शिविर आयोजित, डिजिटल सेवाओं की दी गई जानकारी*
लखीमपुर खीरी Feb 18, 2026 at 09:50 PM , 123कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, उ० प्र० (पूर्व), लखनऊ द्वारा बुधवार को फर्रुखाबाद जनपद में पेंशनभोगियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ‘पेंशनर पहचान पत्र वितरण’, ‘जीवन प्रमाण पत्र’ तथा ‘अपने पेंशनभोगी को जानने’ से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कन्नौज, शाहजहांपुर एवं आसपास के जिलों से पेंशन एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनभोगी शामिल हुए। उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए तथा ‘अपने पेंशनभोगी को जानने’ संबंधी प्रपत्र वितरित कर उन्हें भरवाया गया। इन प्रपत्रों को संकलित कर संबंधित पोर्टल पर अद्यतन करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।
शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। ‘डिजिटल इंडिया’ पहल के अंतर्गत ‘उमंग’ (UMANG) ऐप के उपयोग और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा द्वारा SAMPANN प्लेटफार्म की उपलब्धियों और उपयोगिता से भी पेंशनभोगियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने भविष्य में प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
सीसीए कार्यालय के इस प्रयास की उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों ने सराहना की तथा इसे पेंशन सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक लेखाधिकारी श्री अमन अरोड़ा ने शिविर के सफल आयोजन के लिए पेंशनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सम्मानित पेंशनर्स, मीडिया प्रतिनिधियों तथा कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






_page-0001.jpg)
























Comments