सीएम योगी ने नवनिर्वाचित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात, दी बधाई और शुभकामनाएं
लखनऊ Jan 20, 2026 at 05:15 PM , 60नई दिल्ली/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर भी पोस्ट साझा कर नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपके कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और दूरदर्शिता से पार्टी को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूती प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आशा जताई कि उत्तर प्रदेश को भविष्य में भी उनका निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में नितिन नबीन अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए अपनी निष्ठा और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के सफल और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।































Comments