*कांग्रेस ने प्रदेशवासियों के साथ किया धोखा, किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेगी हमारी सरकार*
राजस्थान Mar 17, 2026 at 05:15 PM , 59*पेपरलीक से युवाओं के भविष्य पर किया कुठाराघात, दो साल बनाम पांच साल पर चर्चा से भी भागे कांग्रेसी*
*कांग्रेस ने योजनाओं को लटकाया और भटकाया, हमारी सरकार ने घोषणाओं को धरातल पर उतार कर दिखाया*
*कांग्रेस के समय दिल्ली जाकर बचाई जाती थी सरकार, हम दिल्ली से प्रदेशवासियों के लिए लाते हैं सौगातें*
*-मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा*
जयपुर, 17 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हम दिन-रात 24 घण्टे जनता की सेवा के लिए हैं तथा जनता की सेवा में कोई कसर नहीं छोडे़ंगे। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी जेजेएम योजना में कांग्रेस के लोगों ने प्रदेशवासियों से बड़ा धोखा किया, इनके मंत्री ने कुठाराघात किया। इसमें लिप्त भ्रष्टाचार के कारण से इनके मंत्री भी जेल जाकर आ चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन्होंने भी भ्रष्टाचार किया है उनमें से किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।
श्री शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के समय पेपरलीक होते थे लेकिन जब से हम आए हैं कोई भी पेपरलीक नहीं हुआ और युवाओं को पारदर्शिता के साथ नौकरी मिल रही है। कांग्रेस ने सिर्फ युवाओं के साथ धोखा किया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल में 4148 घोषणा की लेकिन सिर्फ 1900 को पूरा किया। वहीं, हमने दो साल में 2719 घोषणा की और 2465 को पूरा किया। विधानसभा में भी जब दो साल बनाम पांच साल के प्रतिवेदन पर चर्चा करनी थी तो वहां से भी बिना चर्चा किए भाग गए। कांग्रेस के लोगों का जनता से कोई सरोकार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने प्रदेशवासियों के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं को हमेशा लटकाने-भटकाने का काम किया, लेकिन हमने आते ही इन योजनाओं से संबंधित एमओयू भी किया और जल्द ही इनको क्रियान्वित भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग विरोध करते हैं कि इतना दिल्ली क्यों जाते हैं। मैं जब भी दिल्ली जाता हूं प्रदेशवासियों के लिए कुछ ना कुछ लेकर ही आता हूं। लेकिन आप सरकार बचाने के लिए दिल्ली जाते थे और दो-दो महीने होटलों में रहते थे। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष के कहने पर नहीं चलेंगे। राजस्थान की जनता के लिए जो भी करना पड़ेगा वो हम करेंगे उनके कहने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। श्री शर्मा ने कहा कि हमें तो काम करने की शक्ति भी ईश्वर देता है और हमारे मंत्रिमण्डल के साथी तथा सभी जनप्रतिनिधि राजस्थान के लोगों की सेवा में दिन-रात जुटे हुए हैं।






_page-0001.jpg)
























Comments