अदभुत भिखारी : ऑन लाइन भिखारी
परिवेश May 20, 2020 at 06:00 PM , 800आज दुनिया आन लाइन हो रही है. सारा काम इंटरनेट के माध्यम से हो रहा है. अब तो अपराध भी आन लाइन हो रहे हैं. साइबर ठगी का मामला दिन प्रतिदिन अख़बारों, मीडिया और सोशल मीडिया पर छाया ही रहता है. सरकार कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन साइबर अपराधी बचने का कोई न कोई तरीका निकाल ही लेते हैं. कहा जाता है बिहार में साइबर ठगी का स्कूल भी चलता है. खरीदने बेचने वाले साईटस पर भी जम कर ठगी होती है. कभी कभी कुछ मामले ट्रेस हो जाते हैं लेकिन अधिकतर पकड़ से बाहर रहते हैं. साइबर ठगी अब नए-नए रूप ले चुका है और रोज हजारों लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं. लोग कभी बैंक या पेटीएम से कॉल आने के नाम पर ठगे जा रहे हैं, तो कभी आकर्षक ऑफर के लालच में ठग लिए जाते हैं. अब लोग ओटीपी और सीवीवी जैसी संवेदनशील जानकारी देने से बचने लगे हैं, तो साइबर ठगों ने भी नए तरीके निकाल लिए हैं. आज हम आपको एक महिला की नायब ठगी की रोचक जानकारी आपको देने जा रहे हैं. जिसने सिर्फ 17 दिन में ही लगभग 35 लाख रूपये लोगों से ठग लिए.
संयुक्त अरब अमीरात यानि यू ए ई में एक महिला को लोगों को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. महिला पर आरोप है कि उसने खुद को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक असफल शादी का शिकार बताकर अपने बच्चों की परवरिश के लिए लोगों से मदद की अपील की और 50 हजार डॉलर यानि 183,500 दिरहम यानि लगभग 35 लाख रूपये जुटा लिए. दुबई पुलिस के अधिकारी ने रविवार को कहा कि महिला ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर अपनी पोस्ट के माध्यम से कई लोगों को ठगा और यह बड़ी रक़म इकटठा की. खलीज टाइम्स ने दुबई पुलिस के आपराधिक जांच विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जमाल अल सलेम अल जल्लाफ के हवाले से बताया गया कि कि महिला ने ऑनलाइन अकाउंट बनाए और अपने बच्चों की तस्वीरों के माध्यम से उनकी परवरिश के लिए और उन पर होने वाले बढ़ते खर्चो के लिए आर्थिक मदद मांगी.
ब्रिगेडियर अल जल्लाफ ने कहा,वह लोगों को बता रही थी कि वह तलाकशुदा है और अपने बच्चों को खुद पाल रही है. लेकिन उसके पूर्व पति ने अपराध मंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी और साबित किया कि बच्चे उनके साथ रह रहे हैं अधिकारी ने कहा,कई दोस्तों और रिश्तेदारों के फोन आने के बाद पति को अहसास हुआ कि उसके बच्चों की तस्वीरों का इस्तेमाल भीख मांगने के लिए किया जा रहा है. जल्लाफ ने कहा, सोशल मीडिया पर अपने बच्चों को बदनाम कर और उन्हें बेइज्जत कर यह महिला 17 दिनों में 50 हजार डॉलर जुटाने में कामयाब रही. ब्रिगेडियर अल जल्लाफ ने लोगों से सड़कों पर या सोशल मीडिया पर भिखारियों के साथ सहानुभूति नहीं रखने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भीख मांगना अपराध है और दुबई पुलिस इन मामलों में कार्रवाई करती है. उन्होंने कहा कि भिखारी ऑनलाइन झूठ बोलकर लोगों की भावनाओं का दोहन करते हैं और उन्हें ठगते हैं. संयुक्त अरब अमीरात में साइबर ठगी आपराधिक मामला है . इस पर सजा का प्राविधान है.































Comments