जनजातीय लोकसंस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा के रंगों से सजा अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव का दूसरा दिन

जनपत की खबर , 23

राजस्थान से पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से ओडिशा तक की लोककलाओं का दिखा संगम, थारू, संथाली, भगोरिया और बोंडा नृत्य ने दर्शकों का मोहा मन

लखनऊ, 24 नवंबर। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को जनजातीय लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और लोककलाओं की अनूठी छटा देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपने पारंपरिक लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव परिसर में लोकसंगीत, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

उत्सव के दूसरे दिन राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और प्रयागराज की समृद्ध लोककलाओं एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संगम देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी विशिष्ट नृत्य शैलियों और लोकसंगीत के माध्यम से देश की जनजातीय विरासत को जीवंत कर दिया।

### लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में राजस्थान के तेराताली, चकरी, किन्नोराटी एवं सोंगी दखोटा, चित्रकूट का जबरा, पश्चिम बंगाल का संथाली नृत्य, उत्तर प्रदेश का थारू, करमा एवं बुक्सा नृत्य, उत्तराखंड का हारूल, ओडिशा का बोंडा और मध्य प्रदेश का भगोरिया नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। वहीं, प्रयागराज के कलाकारों ने बीना वादन की प्रस्तुति देकर दर्शकों को लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों, पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्यों की धुनों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विशेषताओं को एक ही मंच पर देखने का अवसर उत्सव में पहुंचे लोगों के लिए यादगार रहा।

### पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा का प्रदर्शन रहा खास आकर्षण

दूसरे दिन का विशेष आकर्षण जनजातीय पारंपरिक वेशभूषा का भव्य प्रदर्शन रहा। इसमें विभिन्न जनजातीय समुदायों के पारंपरिक परिधानों, आभूषणों और सांस्कृतिक पहचान को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों ने अपने पारंपरिक पहनावे के जरिए जनजातीय जीवनशैली, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। इस आयोजन को दर्शकों की विशेष सराहना मिली।

### विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश के सलाहकार जे.पी. सिंह, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के अवर सचिव मनोज कुमार वर्मा एवं अनुभाग अधिकारी राम प्रताप यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा जनजातीय संस्कृति संस्थान, उत्तर प्रदेश के निदेशक अतुल द्विवेदी तथा जनजाति विकास विभाग, उत्तर प्रदेश की उपनिदेशक डॉ. प्रियंका शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

### जनजातीय विरासत को मिल रहा साझा मंच

अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की कला, संस्कृति, परंपराओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक ज्ञान को व्यापक पहचान दिलाना है। इसके माध्यम से कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं के आदान-प्रदान का अवसर मिल रहा है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 23 से 26 नवंबर तक आयोजित इस चार दिवसीय उत्सव में देश के 12 राज्यों की जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं, पारंपरिक नृत्यों, हस्तशिल्प और उत्पादों को एक साझा मंच प्रदान किया जा रहा है। उत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न राज्यों के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजातीय कला एवं शिल्प के विविध आकर्षण दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top