यूपी पुलिस के 23 लाभार्थियों को 38.05 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, DGP राजीव कृष्ण ने वितरित किए चेक

अन्य खबरे , 18

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आकस्मिक दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले 21 पुलिस कर्मियों के परिजनों और दो दिव्यांग पुलिस कर्मियों को कुल 38 करोड़ 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना के तहत कुल 23 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
 
यह आर्थिक सहायता बैंक ऑफ बड़ौदा और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत प्रदान की गई।
 
## परिजनों से मिले DGP, समस्याओं की ली जानकारी
 
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांग पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।
 
DGP ने आश्वासन दिया कि विभाग की ओर से जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। कठिन परिस्थितियों में विभाग पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्मियों तथा उनके परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।
 
## पुलिस और बैंक के अधिकारी रहे मौजूद
 
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस महानिदेशक के जीएसओ के.एस. इमैन्युअल, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय मोहम्मद इमरान, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह और शाखा प्रबंधक शशिकान्त सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
 
**इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना में जान गंवाने वाले पुलिस कर्मियों के आश्रितों और दिव्यांग पुलिस कर्मियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत पहुंचाना है।**

Related Articles

Comments

Back to Top