गोमतीनगर में महिला बैंक अधिकारी की हत्या के बाद पति और बहन की भी मौत, एक साथ तीन मौतों से सनसनी

जनपत की खबर , 40

**आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारने का आरोप, हुसड़िया चौराहे पर बहन को भी मारी गोली; इसके बाद खुद को गोली मारने से मानस वाजपेई की मौत**
 
लखनऊ। गोमतीनगर में बुधवार को दिनदहाड़े आईसीआईसीआई बैंक की महिला अधिकारी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिव्या के पति मानस वाजपेई ने बैंक के बाहर उसे गोली मारी। इसके बाद हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन तूलिका को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मार ली। तीनों की मौत हो गई।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंक के बाहर एक युवक महिला अधिकारी के पास पहुंचा और उससे बातचीत करने का प्रयास किया। महिला द्वारा ध्यान न दिए जाने पर युवक ने कथित तौर पर उसे गोली मार दी और ऑटो से मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटना के बाद सामने आई जानकारी में महिला के पति मानस वाजपेई का नाम सामने आया है। मामले की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
 
बताया जा रहा है कि दिव्या और मानस के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा था। मानस के एसबीआई में कार्यरत होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की जांच की जा रही है तथा घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
एक ही घटनाक्रम में तीन लोगों की मौत से राजधानी में दहशत का माहौल है। घटना ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और विवादों के हिंसक रूप लेने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top