UPJEE पॉलीटेक्निक-2026: प्रवेश से वंचित छात्रों को एक और मौका, 21 अगस्त से अतिरिक्त काउंसलिंग
अन्य खबरे Aug 19, 2026 at 08:50 PM , 10 **छठे और सातवें चरण की काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे NON-ADMITTED (QUALIFIED) अभ्यर्थी, 14 सितंबर तक प्रवेश का अवसर**
लखनऊ, 19 अगस्त। UPJEE (Polytechnic)-2026 के तहत प्रवेश से वंचित अथवा प्रवेश प्रक्रिया पूरी न कर पाने वाले अभ्यर्थियों को योगी सरकार ने एक और अवसर दिया है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद द्वारा डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं फार्मेसी को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों में छठे और सातवें चरण की अतिरिक्त ऑनलाइन काउंसलिंग 21 अगस्त से शुरू की जाएगी। अभ्यर्थियों को 14 सितंबर 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि 25 जून से 14 अगस्त 2026 तक मुख्य एवं विशेष काउंसलिंग आयोजित की गई थी। इसके बावजूद प्रवेश से वंचित अथवा प्रक्रिया पूरी न कर पाने वाले अभ्यर्थियों को एआईसीटीई के नवीन एकेडमिक कैलेंडर के अनुरूप अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त से 10 सितंबर तक छठे एवं सातवें चरण की अतिरिक्त ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। इसमें उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के सभी योग्य लेकिन प्रवेश न ले पाने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। काउंसलिंग ग्रुप-A, B, C, D, F, G, H, I, K1 से K8 और L के लिए होगी।
### छठे चरण का कार्यक्रम
छठे चरण में च्वाइस फिलिंग 21 से 23 अगस्त तक होगी, जबकि सीट आवंटन 24 अगस्त को किया जाएगा। आवंटित सीट के लिए फ्रीज विकल्प तथा सिक्योरिटी और काउंसलिंग फीस 25 से 28 अगस्त तक जमा करनी होगी। इस चरण में फ्लोट विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। केवल फ्रीज करने वाले अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन जिला सहायता केंद्रों पर 25 से 29 अगस्त तक शाम 6 बजे तक होगा।
आवंटित सीट से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त और संबंधित संस्था में रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
### सातवें चरण में सीट ऑटो फ्रीज
सातवें चरण के लिए च्वाइस फिलिंग 1 से 3 सितंबर तक होगी और सीट आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा। इस चरण में सभी अभ्यर्थियों की सीट ऑटो फ्रीज होगी। सिक्योरिटी एवं काउंसलिंग फीस 5 से 7 सितंबर तक जमा की जा सकेगी। दस्तावेज सत्यापन 5 से 8 सितंबर तक शाम 6 बजे तक होगा। सीट से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 सितंबर तथा संस्था में रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित है।
परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार काउंसलिंग की सभी प्रक्रियाएं समय से पूरी करें। काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम और अन्य जानकारी परिषद के आधिकारिक पोर्टल **jeecup.admissions.nic.in** पर उपलब्ध है।



























Comments