यूपी ATS का बड़ा एक्शन: बाराबंकी और गोरखपुर से 2 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन से हड़कंप

अन्य खबरे , 102

ISI और पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी के इशारे पर रची जा रही थी हमले की साजिश, संवेदनशील ठिकाने थे निशाने पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान के गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क स्थापित कर देश विरोधी गतिविधियों और संवेदनशील ठिकानों पर हमले की साजिश रची जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानियल अशरफ निवासी बाराबंकी और कृष्णा मिश्रा निवासी कुशीनगर के रूप में हुई है। एटीएस ने कृष्णा मिश्रा को गोरखपुर से जबकि दानियल अशरफ को बाराबंकी से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पुलिस थानों, संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कट्टरपंथ और देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया गया था। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि दोनों किसी बड़े हमले की तैयारी में जुटे थे।
फिलहाल एटीएस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच का फोकस इनके नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान पर है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा उन्हें किस स्तर तक मदद मिल रही थी।
यूपी एटीएस की इस कार्रवाई के बाद प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Comments

Back to Top