लखनऊ में डिजिटल जनगणना-2027 के पहले चरण का प्रशिक्षण संपन्न, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दी गई आधुनिक तकनीकी दक्षता

राष्ट्रीय , 21

लखनऊ। भारत सरकार के निर्देशन में आयोजित देश की पहली डिजिटल जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—एचएलओ/एचएलबी) के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया।
जोन-8 के अंतर्गत कक्ष संख्या 5 में कुल 38 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को लखनऊ पब्लिक स्कूल, सेक्टर-9 में 27 से 29 अप्रैल तक गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान फील्ड ट्रेनर दिलीप कुमार वर्मा और मनोज कुमार ने प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों से जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा डिजिटल बोर्ड के माध्यम से तकनीकी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यूजर मैनुअल के अध्ययन के साथ-साथ एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) एप के संचालन की विधि विस्तार से समझाई गई। इसके अतिरिक्त एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) का लेआउट तैयार करने, भवनों को क्रमांकित करने और नगरीय नक्शा बनाने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों ने आसपास के क्षेत्रों में फील्ड सर्वे कर एप पर डाटा अपलोड करने का अभ्यास किया, जिससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया में दक्ष बनाना उद्देश्य है, ताकि आगामी कार्य चरणों को सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन से स्पष्ट है कि जनगणना-2027 को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top