नोएडा हिंसा का बड़ा साजिशकर्ता तमिलनाडु से गिरफ्तार, यूपी STF ने त्रिची रेलवे स्टेशन से दबोचा

अन्य खबरे , 29

लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को गौतमबुद्धनगर में 13 अप्रैल 2026 को श्रमिक आंदोलन की आड़ में हुई हिंसा, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी सफलता मिली है। STF ने मामले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल आरोपी आदित्य आनंद उर्फ रस्टी को तमिलनाडु के त्रिचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी को 18 अप्रैल की रात करीब 1:40 बजे पकड़ा गया। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 में दर्ज मुकदमे में पहले से ही गैर जमानती वारंट जारी था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश से फरार होकर चेन्नई पहुंचा था और वहां से त्रिचिरापल्ली जा रहा था, तभी STF ने उसे धर दबोचा।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गौतमबुद्धनगर में हुए हिंसक घटनाक्रम के पीछे सुनियोजित साजिश रची गई थी। आरोप है कि 30 मार्च से 1 अप्रैल 2026 के बीच नोएडा के सेक्टर-37 स्थित एक ठिकाने पर कुछ संगठनों से जुड़े लोगों ने बैठक कर श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा, आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर चुका है। बाद में वह विभिन्न संगठनों के संपर्क में आया और श्रमिक आंदोलनों से जुड़ गया।
STF अधिकारियों के अनुसार आरोपी को तमिलनाडु की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया जा रहा है। इसके बाद उसे गौतमबुद्धनगर लाकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा, जहां उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा हिंसा मामले में यह गिरफ्तारी बेहद अहम मानी जा रही है। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क, फंडिंग, साजिश में शामिल अन्य लोगों और संगठनों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top