टेट अनिवार्यता समाप्ति पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की निर्णायक वार्ता, शिक्षकों के लिए सकारात्मक संकेत
लखनऊ Dec 19, 2025 at 07:50 PM , 250लखनऊ। देशभर के लगभग 25 लाख शिक्षकों से जुड़े टेट (TET) की अनिवार्यता समाप्त कराने जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे पर टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान से अहम वार्ता की। यह बैठक शिक्षकों के हितों की दृष्टि से अत्यंत निर्णायक मानी जा रही है।
वार्ता के दौरान फेडरेशन के संरक्षक एवं लोकप्रिय सांसद श्री जगदम्बिका पाल ने शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को पूरी दृढ़ता, स्पष्टता एवं विस्तार के साथ मंत्री के समक्ष रखा। वहीं फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) से संबंधित पत्रों एवं प्रावधानों का तथ्यों सहित गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान द्वारा दिया गया उत्तर शिक्षकों के लिए सकारात्मक और आश्वस्त करने वाला रहा। वार्ता दो चरणों में सम्पन्न हुई। पहले चरण में मंत्री के आवास पर संक्षिप्त चर्चा हुई, जिसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल को संसद कार्यालय में विस्तृत विचार-विमर्श के लिए आमंत्रित किया गया, जहां सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा हुई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष श्री राधेरमण त्रिपाठी एवं श्री मेघराज भाटी भी उपस्थित रहे। फेडरेशन ने आशा व्यक्त की है कि यह वार्ता देशभर के शिक्षकों के भविष्य के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित होगी और शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।
































Comments