गुलरिया चीनी मिल ने 133 करोड़ से अधिक का भुगतान 07 दिसम्बर 2025 तक के गन्ने का किया भुगतान,

लखीमपुर खीरी , 144

बिजुआ खीरी। विकास खण्ड बिजुआ स्थित बलरामपुर ग्रुप की गुलरिया चीनी मिल ने 07 दिसम्बर 2025 तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया है। मिल ने 30 नवम्बर से 07 दिसम्बर 2025 तक खरीदे गए गन्ने के लिए किसानों के खातों में 29 करोड़ 48 लाख 68 हजार रुपए भेजे हैं। अब तक मिल कुल 1 अरब 33 करोड़ 65 लाख 42 हजार रुपए का भुगतान किसानों को कर चुकी है।

गुलरिया चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मिल ने यह भुगतान समय पर किया है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपना गन्ना कम दामों पर कोल्हू या क्रशर पर न बेचें। सिंह ने सलाह दी कि किसान अपना गन्ना सीधे चीनी मिल में ही आपूर्ति करें, जिससे उनका बेसिक कोटा मजबूत होगा और उन्हें उचित मूल्य मिल पाएगा।

महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह ने नवीन पेराई सत्र के लिए भी निर्देश जारी किए। उन्होंने किसानों से कहा कि वे आवंटित शिफ्ट के अनुसार ही मिल गेट पर ताजा और छिला हुआ गन्ना लाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि गन्ने में जड़, पत्ती या मिट्टी न हो, ताकि तौल के समय कोई परेशानी न हो।
वहीं उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गुलरिया चीनी मिल राज्य में समय पर भुगतान करने वाली अग्रणी मिलों में से एक है। मिल किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और उनके सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Comments

Back to Top