*रबी फसलों के लिए खाद की भरपूर व्यवस्था, किसानों को न घबराने की अपील*
लखीमपुर खीरी Oct 08, 2025 at 05:18 PM , 169*जिला कृषि अधिकारी बोले, जिले में पर्याप्त स्टॉक, जमाखोरी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
लखीमपुर खीरी 08 अक्टूबर। रबी 2025 की बुआई की तैयारियों के बीच किसानों के लिए राहतभरी खबर आई है। इस बार जिले में यूरिया, डीएपी, एनपीके और सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) जैसी आवश्यक खादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में अब तक 18351.479 मीट्रिक टन यूरिया, 5155.295 मीट्रिक टन डीएपी, 7362.725 मीट्रिक टन एनपीके और 18811.040 मीट्रिक टन एसएसपी का भंडारण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी और एनपीके की किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसान भाई निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें, अनावश्यक भंडारण से बचें और केवल अनुशंसित मात्रा में खाद का प्रयोग करें। डीएओ ने स्पष्ट किया कि खाद खरीदते समय किसान अपने साथ आधार कार्ड और खतौनी अवश्य लाएं और विक्रेता से कैश मेमो जरूर प्राप्त करें।
*फास्फैटिक खादों का सही चयन बेहद जरूरी*
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि डीएपी, एनपीके और एसएसपी तीनों फास्फैटिक उर्वरक हैं, जिनमें तत्वों की मात्रा अलग-अलग होती है। डीएपी (डाई अमोनियम फास्फेट) में नत्रजन और फास्फोरस पाए जाते हैं। एनपीके में नत्रजन, फास्फोरस और पोटाश तीनों प्रमुख पोषक तत्व होते हैं। एसएसपी (सिंगल सुपर फास्फेट) में फास्फोरस के साथ-साथ सल्फर भी पाया जाता है, जो विशेष रूप से सरसों जैसी तिलहनी फसलों के लिए अत्यंत लाभदायक है।
*शिकायत पर होगी एफआईआर!*
यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलता है या किसानों को अन्य उत्पाद जबरन खरीदने के लिए बाध्य करता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही संबंधित थोक विक्रेता व विनिर्माता कंपनी पर भी कार्रवाई की जाएगी। किसान ऐसे मामलों की सूचना तुरंत सहायक विकास अधिकारी (कृषि) या कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7570088259 और 7839882212 पर दे सकते हैं। वहीं समितियों से जुड़ी समस्याओं के लिए 7007918909 पर संपर्क किया जा सकता है।
*मुख्य फसलों के लिए अनुशंसित खाद मात्रा (प्रति हेक्टेयर):*
गेहूं: यूरिया 5 बोरी, डीएपी 3 बोरी, एनपीके 4 बोरी
सरसों: यूरिया 4 बोरी, डीएपी 3 बोरी, एनपीके 4 बोरी
चना/मसूर: यूरिया 0, डीएपी 2 बोरी, एनपीके 2 बोरी
आलू: यूरिया 6 बोरी, डीएपी 4 बोरी, एनपीके 4 बोरी
गन्ना : यूरिया 7 बोरी, डीएपी 05 बोरी, एनपीके 06 बोरी






_page-0001.jpg)
























Comments