क्षेत्र के प्रगतिशील गन्ना किसान सलीम खां सम्मानित अजबापुर चीनी मिल ने 25 हजार रुपये की नकद राशि व मोमेंटो देकर किया सम्मानित

लखीमपुर खीरी , 7

बरवर। क्षेत्र में गन्ने की उन्नत खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने वाले बरवर निवासी प्रगतिशील किसान सलीम खां को अजबापुर चीनी मिल की ओर से सम्मानित किया गया। किसान सलीम खां की बेहतर कृषि पद्धतियों और गन्ने की अच्छी पैदावार को देखते हुए चीनी मिल प्रबंधन ने उन्हें 25 हजार रुपये की नगद धनराशि प्रदान की। इसके साथ ही उपहार स्वरूप मोमेंटो देकर उनके कृषि कार्यों की सराहना की गई। सम्मान मिलने पर प्रगतिशील किसान सलीम खां ने बताया कि वह लंबे समय से गन्ने की खेती में नई तकनीकों और बेहतर कृषि प्रबंधन को अपनाते आ रहे हैं। उचित समय पर बुवाई, खाद एवं उर्वरक का संतुलित प्रयोग, फसल की नियमित देखभाल तथा खेतों में आवश्यक कृषि कार्यों पर विशेष ध्यान देने के चलते उन्हें गन्ने की अच्छी पैदावार प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाकर वह प्रति बीघा लगभग 100 से 120 कुंतल तक गन्ने का उत्पादन प्राप्त कर लेते हैं। खास बात यह है कि गन्ने की खेती के साथ वह सहफसली खेती भी करते हैं, जिससे एक ही खेत से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने का अवसर मिलता है। सलीम खां का कहना है कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना चाहिए। खेत की मिट्टी, फसल की जरूरत और मौसम के अनुसार खेती करने से उत्पादन में बढ़ोतरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मेहनत, सही तकनीक और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर किसान कृषि को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। अजबापुर चीनी मिल द्वारा प्रगतिशील किसान को सम्मानित किए जाने से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी बेहतर एवं आधुनिक तरीके से गन्ने की खेती करने के प्रति उत्साह बढ़ा है। किसान सलीम खां की सफलता को क्षेत्र के अन्य गन्ना किसानों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top