12 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएचओ ने दूसरे दिन भी दिया धरना
लखीमपुर खीरी Sep 05, 2026 at 06:44 PM , 0लखीमपुर : पुराने बकाया भुगतान, वेतन, एरियर समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी सीएमओ कार्यालय परिसर में जारी रहा। शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का अवकाश होने के बाद शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में सीएचओ कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। हालांकि, दूसरे दिन भी प्रशासन के साथ वार्ता से कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका।
सीएचओ यूनियन उत्तर प्रदेश के बैनर तले चल रहे आंदोलन के जिला अध्यक्ष सोहन सिंह ने बताया कि संगठन की ओर से करीब एक सप्ताह पहले 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ को ज्ञापन दिया गया था। मांगों पर कार्रवाई न होने पर तीन सितंबर को भी धरना दिया गया था। पूरे दिन प्रदर्शन के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इसके बाद शनिवार को फिर आंदोलन शुरू किया गया।
सीएचओ ने रोके गए वेतन के भुगतान के साथ इंक्रीमेंट और एरियर, म्यूचुअल ट्रांसफर से आए कर्मचारियों के लंबित भुगतान तथा वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 का पीबीआई, टीए व कम्युनिकेशन भत्ता दिलाने की मांग की है। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के किराए, बिजली बिल, वेलनेस गतिविधियों के भुगतान, सफाई कर्मचारियों के मानदेय और लंबित पुरस्कार राशि का भुगतान किए जाने की मांग उठाई गई।
संगठन ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्टेशनरी, आइईसी सामग्री, लैब सामग्री और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने तथा ब्लाक व जनपद स्तर पर शिकायत निवारण समिति (जीआरसी) गठित करने की मांग भी रखी है।
सोहन सिंह ने बताया कि शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक धरना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मांगों पर वार्ता कर समाधान होने पर आंदोलन समाप्त किया जा सकता है। समाधान न होने पर सीएचओ आंदोलन को आगे बढ़ाने और अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।






_page-0001.jpg)
























Comments