सम्पूर्णानगर में ओवरलोडिंग और डग्गामारी का खेल, यात्रियों की जान जोखिम,राजस्व को लग रहा चूना
लखीमपुर खीरी Aug 24, 2026 at 06:12 PM , 7लखीमपुर खीरी:सम्पूर्णानगर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही ओवरलोड बसें और डग्गामार वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। क्षमता से अधिक सवारियां भरने के कारण यहाँ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बस संचालक निजी स्वार्थ में यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।
डग्गामारी से परिवहन निगम को भारी चपत
क्षेत्र में अवैध वाहनों और डग्गामार बसों के संचालन से सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) और अनुबंधित बसों को हो रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जिला मुख्यालय के एलआरपी चौराहे से लखनऊ के लिए धड़ल्ले से अवैध टैक्सी और डग्गामार बसें चलाई जा रही हैं। बिना परमिट और टैक्स चोरी कर चलने वाले इन वाहनों के कारण सरकारी राजस्व को हर दिन लाखों रुपये का चूना लग रहा है।
हादसों को दावत दे रही ओवरलोडिंग
सड़कों पर क्षमता से दोगुनी सवारियां लेकर दौड़ रही बसें परिवहन विभाग के दावों की पोल खोल रही हैं। बसों के अंदर पैर रखने की जगह नहीं होती और लोग गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं।हाल ही में लखीमपुर खीरी में परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद सम्पूर्णानगर क्षेत्र के साथ साथ लखीमपुर जिला मुख्यालय पर डग्गामारों में कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है।
परेशान यात्रियों और स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि संपूर्णानगर क्षेत्र और एल.आर.पी. चौराहे पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए, ओवरलोड बसों को सीज किया जाए और अवैध रूप से चल रहे संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।इस संबंध में एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने बताया कि लगातार जिले भर में चेकिंग अभियान चल रहा है अवैध डग्गामार वाहनों को सीज किया जा रहा है।






_page-0001.jpg)
























Comments