दहेज विवाद में दामाद ने की बीडीसी ससुर की हत्या , पत्नी गंभीर, ग्रामीणों ने दबोचा हत्या की घटनाओं से दहशत, एसपी ख्याति गर्ग दे रही चुस्ती पर जोर

लखीमपुर खीरी , 32

(हरिशंकर मिश्र/सत्यदेव श्रीवास्तव) 


लखीमपुर खीरी। जनपद में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना फूलबेहड़ के ग्राम अंदेशनगर सैदीपुर का है, जहां दिनदहाड़े एक दामाद ने बीडीसी ससुर की चाकू गोदकर हत्या कर दी और पत्नी पर भी हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी लगभग 64 वर्षीय सोहन, जो बीडीसी थे, मंगलवार दोपहर घर पर थे। उनका दामाद मुकेश, जो पीआरडी जवान बताया जा रहा है, मिठाई लेकर घर आया। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। 
आरोप है कि मुकेश ने चाकू से सोहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मुकेश ने अपनी पत्नी सुनीता पर भी चाकू से कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग घर में घुसे और ग्रामीणों ने हत्यारे मुकेश को पकड़कर बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सुनीता को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। सुनीता तीन बच्चों की मां है।
मृतक सोहन के बेटे अजय कुमार ने बताया कि मुकेश आए दिन दहेज को लेकर बहन सुनीता को मारता-पीटता था। करीब 6 महीने पहले सुनीता जान बचाकर मायके आ गई थी। अजय का आरोप है कि सुनीता ने थाना फूलबेहड़ में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। लगभग 4 महीने पहले कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ था। 
थाना फूलबेहड़ पुलिस ने मुकेश को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ और एसपी के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या का कारण घरेलू विवाद और दहेज बताया जा रहा है। मुकदमे में धारा 103, 109 BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में लगातार हत्या की घटनाएं हो रही हैं और कानून का खौफ खत्म हो रहा है। 
जनपद की पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने चार्ज संभालने के बाद से अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार फेरबदल और समीक्षा बैठकें की हैं। उनका कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top