पवित्र सावन के द्वितीय सोमवार को पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व में कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा,
लखीमपुर खीरी Aug 10, 2026 at 06:50 PM , 34गोला गोकर्णनाथ खीरी, पवित्र सावन माह के द्वितीय सोमवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। देवाधिदेव भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए विभिन्न स्थानों से पहुंचे कांवड़ियों का नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, व्यापार मंडल श्याम बिहारी गुट एवं उन्नकिसेस कृषि संस्थान के सहयोग से सदर चौराहा स्थित शिव मंदिर के निकट कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान शिवभक्तों का फूलों से स्वागत करते हुए उन्हें जलाभिषेक के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा, "देवाधिदेव भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए दूर-दूर से आ रहे कांवड़ियों की सेवा और स्वागत करने का सौभाग्य पुण्य कर्मों से प्राप्त होता है। नगर पालिका परिषद सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों के साथ मिलकर शिवभक्तों की सेवा के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने कहा कि छोटी काशी में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुगम बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
पुष्पवर्षा एवं स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट अशोक कनौजिया, भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अरुण अवस्थी, व्यापार मंडल श्याम बिहारी मिश्रा गुट के जिला अध्यक्ष राम मोहन सोनी, उन्नकिसेस कृषि संस्थान के संरक्षक विनीत सिंह भदौरिया, संयोजक अनुपम कुमार, नगर गौ सेवा संयोजक दिलीप सिंह, हिमांशु सिंह, भाजपा नगर महामंत्री धीरज बाजपेई, मीडिया प्रभारी विजय मिश्रा, नामित सभासद रामचंद्र राठौर, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा शत्रोहन मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला। छोटी काशी में सावन के दूसरे सोमवार पर आस्था, सेवा और भक्ति का यह संगम सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।































Comments