कद्दू तोड़ने पर विवाद, दबंगों ने घर में घुसकर मां-बेटे को बेरहमी से पीटा,हालत गंभीर
लखीमपुर खीरी Aug 08, 2026 at 05:53 PM , 17लखीमपुर खीरी:जनपद के थाना मितौली क्षेत्र के दतेली गांव से एक सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है।यहाँ महज एक कद्दू तोड़ने के मामूली विवाद को लेकर गांव के कुछ दबंगों ने घर में घुसकर 10 वर्षीय मासूम बच्चे और उसकी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, हालांकि पुलिस पूरी मुस्तैदी से स्थिति पर नजर रखे हुए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दतेली गांव के रहने वाले मोहम्मद उमर का 10 वर्षीय बेटा आशिफ खेल-खेल में पड़ोस के खेत से कद्दू तोड़ लिया था। इसी बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष के दबंग आगबबूला हो गए। आरोप है कि अंकित यादव (पुत्र राम नरेश यादव), कलाऊ (पुत्र रोहन लाल उर्फ नेता), मधु और डुल्ली ने लाठी-डंडों से लैस होकर मोहम्मद उमर के घर पर धावा बोल दिया।दबंगों ने पहले 10 साल के मासूम आशिफ को बेरहमी से पीटना शुरू किया। जब उसकी मां रेशमा अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने आई, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी भी जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान जब उन्होंने इस हैवानियत का मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की, तो दबंगों ने उनका फोन छीन लिया। कोई कानूनी रिकॉर्ड या सबूत न बचे, इसलिए आरोपियों ने मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ वीडियो भी डिलीट कर दिया।
हमले में मासूम आशिफ को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मितौली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घायल बच्चे को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में इन दबंगों का काफी खौफ है और वे आए दिन लोगों के साथ इस तरह की गुंडागर्दी करते हैं। चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस बेहद सावधानी बरत रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।































Comments