प्रेम विवाह के झांसे में तीन साल तक शोषण का आरोप, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट, आरोपी पर FIR की मांग
लखीमपुर खीरी Jul 24, 2026 at 06:17 PM , 25राजस्थान में दूसरी शादी की साजिश नकाम महिला आयोग तक पहुंचा मामला
लखीमपुर खीरी। प्रेम विवाह का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण, जबरन गर्भपात, मारपीट, निकाह में धोखाधड़ी और अब राजस्थान में दूसरी शादी की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी डॉक्टर के विरुद्ध FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़िता ने कहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर उसकी आवाज वायरल कर चरित्र हनन कर रहा है और सिस्टम की निष्क्रियता के कारण उसका जीवन संकट में है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया निवासी सबीना उर्फ मन्नत ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2023 में वह सैधरी स्थित स्टार हॉस्पिटल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। वहां तैनात डॉ. मुनीफ निवासी राजापुर ने शादी और साथ में हॉस्पिटल खोलने का वादा कर उसे विश्वास में लिया। आरोप है कि झांसे में आकर संबंध बनने के बाद वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन प्रत्येक बार आरोपी ने दवा देकर जबरन गर्भपात करा दिया। वर्ष 2024 में आरोपी ने महेवागंज में नियो हॉस्पिटल खोला और पुनः शीघ्र शादी का आश्वासन देकर उससे हॉस्पिटल का संचालन कराया। शादी की बात पर विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और एक बार गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया। इस संबंध में पीड़िता ने कोतवाली सदर में मु.अ.सं. 127/2025, BNS की धारा 69, 89, 115(2), 352, 351(3) में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे के बाद आरोपी ने तीन माह में निकाह का लिखित वादा कर समझौता किया। इसी के आधार पर 13.01.2026 को आठ बिंदुओं का शपथपत्र बना और 28.01.2026 को धारा 164 CrPC में बयान बदलवाए जाने के बाद पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी। पीड़िता का आरोप है कि 20.03.2025 को निकाह हुआ, लेकिन निकाहनामे में नाम बदलकर धोखा किया गया।
पीड़िता ने प्रार्थना पत्र में आगे बताया कि 19.04.2026 को दोपहर करीब तीन बजे महेवागंज हॉस्पिटल में कमरा बंद कर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी आवाज रिकॉर्ड कर डबिंग करके सोशल मीडिया पर वायरल कर मानहानि की गई। इस संबंध में 07.06.2026 कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी चोरी-छिपे राजस्थान जाकर दूसरी शादी रचने की फिराक में है। इस संबंध में उसने 10.06.2026 को राज्य महिला आयोग, लखनऊ में शिकायत संख्या 20260013222 दर्ज कराई है। साथ ही भारत सरकार, गृह मंत्रालय, महिला सुरक्षा प्रभाग ने पत्र संख्या 15011/01/2026-एससी/एसटी-डब्ल्यू(एम)-1 के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार से इस प्रकरण पर उचित कार्यवाही कर आख्या मांगी है, परंतु स्थानीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, जालसाजी, आईटी एक्ट और महिला उत्पीड़न की सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर विवेचना कराई जाए। आरोपी की प्रस्तावित दूसरी शादी पर रोक लगाई जाए, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच की जाए और उसे व उसके गवाहों को सुरक्षा प्रदान की जाए। पीड़िता ने कहा कि यदि आरोपी दूसरी शादी करता है तो वह आत्महत्या को मजबूर होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी आरोपी और प्रशासन की होगी।































Comments