सांप के काटने से युवक की मौत पर जिला अस्पताल में हंगामा, 4 घंटे बाधित रही इमरजेंसी सेवा
लखीमपुर खीरी Jul 13, 2026 at 06:17 PM , 39लखीमपुर खीरी।जनपद के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत महेवागंज के ग्राम ज्ञानपुर में सांप के काटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल मोतीपुर (ओयल) की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया। परिजनों के उग्र प्रदर्शन के कारण अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं करीब चार घंटे तक पूरी तरह बाधित रहीं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर निवासी दिनेश कुमार के पुत्र रंजीत कुमार (मृतक) को सांप ने काट लिया था। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल मोतीपुर ओयल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने इलाज में घोर लापरवाही बरती, जिसके कारण रंजीत की जान चली गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिवार वालों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में ही धरना दे दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
सीएमओ के आश्वासन और कार्रवाई के बाद शांत हुए परिजन
अस्पताल में बवाल की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की बात और उचित जांच के भरोसे के बाद ही परिजन शांत हुए। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिवार के लोग मृतक के शव का पोस्टमार्टम (पीएम) कराने के लिए राजी हुए।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, धैर्य से शांत कराया मामला
हंगामे की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में बेहद अहम और जिम्मेदाराना भूमिका निभाई। थाना अध्यक्ष खीरी अवनीश कुमार सिंह, ओयल चौकी इंचार्ज डिम्पल सिंह, जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज अजय सिंह, राजापुर चौकी इंचार्ज तेज सिंह और लल्लन जीत सिंह ने खीरी थाने के पुलिस बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने बेहद धैर्य का परिचय देते हुए आक्रोशित भीड़ को समझाया और कानून व्यवस्था को बिगड़ने से रोकते हुए मामले को पूरी तरह शांत कराया। इसके बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।






_page-0001.jpg)
























Comments