नगर पालिका की जनसुनवाई में 15 शिकायतें पहुंचीं, अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी Jul 08, 2026 at 06:42 PM , 81स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सड़क और नालियों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, नागरिकों से हर बुधवार कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील
लखीमपुर-खीरी। नगर पालिका परिषद लखीमपुर-खीरी कार्यालय में बुधवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नगरवासियों की विभिन्न नागरिक समस्याओं की सुनवाई की गई। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नगर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने स्ट्रीट लाइट खराब होने, पेयजल पाइपलाइन में लीकेज, नालियों की सफाई एवं मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़कों सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस दौरान कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर अध्यक्ष ने गंभीरता दिखाते हुए प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी ढंग से समाधान किया जाए।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें केवल सोशल मीडिया या मोबाइल संदेशों के माध्यम से भेजने के बजाय सीधे नगर पालिका परिषद कार्यालय में दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बुधवार प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होने वाली जनसुनवाई में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराने से उनका त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि शहर की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।






_page-0001.jpg)
























Comments