डीआरएम गौरव अग्रवाल ने लखीमपुर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, व्यापार मंडल ने रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन

लखीमपुर खीरी , 66

लखीमपुर खीरी, 6 जुलाई। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने सोमवार को लखीमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। दोपहर करीब 1:30 बजे स्टेशन पहुंचकर उन्होंने यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में डीआरएम ने कहा कि स्टेशन की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और मिली कमियों को जल्द ठीक कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजी.) के पदाधिकारियों ने डीआरएम को 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर पीलीभीत-मैलानी-सीतापुर रेलखंड पर रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की। व्यापार मंडल ने कहा कि बड़ी रेल लाइन शुरू होने के वर्षों बाद भी इस रेलखंड पर एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या पर्याप्त नहीं है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में लखीमपुर से नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन चलाने, मैलानी-कानपुर इंटरसिटी सेवा शुरू करने, गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस का विस्तार करने, हावड़ा-अमृतसर मार्ग की ट्रेन का संचालन कराने सहित सात प्रमुख मांगें शामिल हैं। व्यापार मंडल का कहना है कि बेहतर रेल सेवाओं से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top