बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की वैन की टक्कर से मौत, शादी से पहले घर में पसरा मातम

लखीमपुर खीरी , 47

लखीमपुर-खीरी  
जनपद में बरवर-जहानीखेड़ा मार्ग पर  हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे पिता को तेज रफ्तार मिनी वैन ने रौंद दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथ में बैठे साले की हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के अनुसार पसगवां कोतवाली क्षेत्र के गदनापुर गांव निवासी श्रीराम उम्र 52 वर्ष अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए साले सुरेंद्र कुमार के साथ मोटरसाइकिल से निकले थे। श्रीराम की बेटी की शादी 11 जुलाई को गोकन पिपरी गांव के युवक से तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं।कार्ड बांटकर लौटते समय बरवर-जहानीखेड़ा मार्ग पर सामने से आ रही एक बेकाबू मिनी वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रीराम और सुरेंद्र कुमार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। 
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने श्रीराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुरेंद्र कुमार का इलाज जारी है।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में जहां एक तरफ शहनाई बजने वाली थी वहीं अब चीख-पुकार मच गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पसगवां कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार वैन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top