खाद की लंबी लाइन के बीच किसान हुए बेहोश

लखीमपुर खीरी , 11

(मनोज मिश्र)

धौरहरा‌ खीरी। सिसैया चौराहे स्थित इफ्को केंद्र पर शुक्रवार को यूरिया खाद लेने पहुंचे किसानों की लंबी कतार के बीच गर्मी से दो किसानों के बेहोश होने से अफरा-तफरी मच गई।भीषण गर्मी और घंटों इंतजार के कारण दोनों किसान लाइन में ही गिर पड़े। मौके पर मौजूद किसानों ने उन्हें संभाला और बाद में उपचार के लिए पीएचसी सिसैया भेजा।
जानकारी के अनुसार खरीफ फसलों के लिए इन दिनों अन्नदाता को यूरिया की आवश्यकता व मांग बढ़ने से शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान इफ्को केंद्र पर पहुंच गए थे। सीमित स्टॉक और धीमी वितरण व्यवस्था के चलते किसानों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। इसी दौरान ठुठवा बंशीबेली निवासी दुलारे और मुराउनपुरवा निवासी जमुना की तबीयत भयानक गर्मी से बिगड़ गई और दोनों बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना से केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।इस दौरान अन्य साथी किसानों ने दोनों को उठाकर छाया में लिटाया,पानी पिलाया और चेहरे पर पानी डालकर होश में लाने का प्रयास किया। हालत में सुधार होने पर मौके पर मौजूद किसान ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसैया ले गए, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
घटना के बाद किसानों ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि केंद्र पर पेयजल और छाया जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। घंटों लाइन में लगने के बावजूद समय पर खाद नहीं मिल रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

एसडीएम धौरहरा शशिकांत मणि ने बताया कि जानकारी मिली है ये पता नहीं कौन निरीक्षण करने गया है पता करने बाद ही कुछ बता सकता हूं। और हमने सभी केंद्रों पर पेयजल और पुलिस की समुचित व्यवस्था के लिए पहले से ही निर्देश दिए गए।

Related Articles

Comments

Back to Top