किसान के घर हुई लाखों की चोरी में पढ़ुआ पुलिस कर रही खेल

लखीमपुर खीरी , 13

पीड़ित ने एसएसपी से लेकर डीएम व मुख्यमंत्री तक लगाई इंसाफ़ की गुहार  

लखीमपुर खीरी। खीरी जनपद के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बेलवापुरवा गांव में एक किसान के घर हुई लाखों के जेवर व नकदी की चोरी के मामले में पढ़ुआ पुलिस खेल करने में जुटी हुई है। पढ़ुआ पुलिस ने एक चोर के खिलाफ नामजद तहरीर मिलने के बावजूद अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर पीड़ित किसान अपनी पत्नी के साथ जिला मुख्यालय पर पहुंचा। जहां पीड़ित किसान ने खीरी एसएसपी समेत जिलाधिकारी व सूबे के मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र देकर इंसाफ़ की गुहार लगाई है।  

जानकारी के मुताबिक पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बेलवापुरवा गांव निवासी महेश पुत्र दामोदर बीती 21 जून को अपने परिवार के साथ अपनी ससुराल गया था। बताते हैं कि देर रात शातिर चोरों ने उसके घर पर धावा बोल दिया तथा कमरे की अलमारी में पडे बक्से को घर के पीछे खेतों में उठा ले गए। जहां चोरों ने बक्से का ताला तोड कर बक्से में रखी 40 हजार की नगदी समेत सोने व चांदी के जेवरों को पार कर दिया। सुबह खेत मालिक ने खेत में पडे बक्से को देखा तो महेश के परिजनों को सूचना दी। बक्से की पहचान होने पर परिजनों ने महेश को फोन पर चोरी की सूचना दी। सूचना पाकर महेश आनन फानन में अपने घर पहुंचा तथा तथा खेत में खाली पड़े बक्से को देख उसके होश उड गये। उसके बाद महेश ने गांव के ही एक व्यक्ति पिंकू के खिलाफ शक जाहिर करते हुए पढ़ुआ पुलिस को नामजद तहरीर दी, लेकिन नामजद तहरीर मिलने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़ित महेश ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून शाम को जब वह ससुराल जा रहा था, तब पिंकू ने ही उससे पूछा था कि कहां जा रहे हैं तो उसने उसे बताया था कि वह ससुराल जा रहा है। इसी शक के आधार पर उसने पिंकू पुत्र डोरेलाल के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। नामजद तहरीर देने के बाद पुलिस ने पिंकू को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन पुलिस ने लेन-देन करने के बाद उसे छोड़ दिया है। उसने पढ़ुआ थानाध्यक्ष से दो बार मुलाकात की है, लेकिन अभी न तो रिपोर्ट दर्ज की गई है और न ही चोर को गिरफ्तार किया है। जिसके चलते आज उसने खीरी डीएम, एसएसपी व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज इंसाफ़ की गुहार लगाई है।

Related Articles

Comments

Back to Top