*सख्त पहरे में हुई जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा, 2271 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*
लखीमपुर खीरी Jun 15, 2026 at 01:30 PM , 14*डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, सीसीटीवी निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा*
लखीमपुर खीरी, 14 जून। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित जीआईसी प्रवक्ता (पुरुष/महिला) परीक्षा-2025 रविवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सघन निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 6257 अभ्यर्थियों में से 2271 ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 3986 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, आयोग द्वारा नामित पर्यवेक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, वहीं सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रहे।
डीएम ने स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की सतर्कता और अधिकारियों की निरंतर निगरानी के चलते परीक्षा सकुशल, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने इसे टीमवर्क और बेहतर समन्वय का परिणाम बताया।































Comments