आईजी किरण एस ने खीरी में की समीक्षा त्योहारों पर सुरक्षा के दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी Jun 12, 2026 at 06:50 PM , 20लखीमपुर खीरी। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस खीरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस लाइन में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान एसपी डॉ ख्याति गर्ग अपर पुलिस अधीक्षक समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी ने सबसे पहले पुलिस लाइन में चल रही उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था देखी और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। आईजी ने आगामी त्योहारों खासकर मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने पीस कमेटियों से संवाद बढ़ाने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण लंबित विवेचनाओं के निस्तारण जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और अपराधियों पर गैंगस्टर व गुंडा एक्ट में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने खीरी पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण वांछितों की गिरफ्तारी और गुमशुदाओं की बरामदगी के लिए टीम को बधाई दी।
अंत में आईजी ने पत्रकारों से प्रेस वार्ता की। उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप और पारदर्शी पुलिसिंग में मीडिया के सहयोग की सराहना की।































Comments