*ताजिया की ऊंचाई को लेकर फंसा पेंच, ताजियादारों ने 12 फीट की सीमा मानने से किया इनकार*

लखीमपुर खीरी , 23

*एएसपी अमित राय की अध्यक्षता में पीस कमेटी बैठक, सुरक्षा मानकों पर जोर*  

*लखीमपुर खीरी।* अमीरनगर कस्बे के ऐतिहासिक ताजिया तथा मेला को लेकर बुधवार को पीस कमेटी की बैठक अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सुरक्षा मानकों और ताजियों की ऊंचाई को लेकर चर्चा हुई, लेकिन ताजिया की ऊंचाई के मुद्दे पर ताजियादारों ने असहमति जता दी।  
एएसपी अमित कुमार राय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार आपसी मेलजोल से मनाएं और ताजियों की ऊंचाई 10 से 12 फीट तक ही सीमित रखें। उन्होंने कहा कि ताजियों में सभी धर्मों के लोग शामिल होते हैं और मनौती मानते हैं, इसलिए सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। जीवन अमूल्य है।  

मोहम्मदी पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ताजिया की ऊंचाई 12 फीट तक ही निर्धारित है, जिसका सभी पालन करें।  
ताजियादारों ने प्रशासन की बात मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने अपनी मांग रखते हुए कहा कि पिछले साल की तरह ताजिया मेला मैदान में सजाएंगे और उसी स्थान पर पिछले साल की ऊंचाई के ताजिया रखे जाएंगे।  
 ताजियादारों की बात सुनकर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ मेला मैदान और कर्बला शरीफ पहुंचे। उन्होंने दोनों स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सैकड़ों ताजियादार व लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। चिलचिलाती धूप में घंटों लोगों की मौजूदगी बनी रही।  
 बैठक में राजगढ़, रसूलपुर, देवरिया, यासीनपुर, नौवां खेड़ा, मथना, गरदहा, ढाका मुजफ्फरपुर, मोहम्मदपुर छतुरी, बसतौली, सरैया विलियम आदि गांवों के सैकड़ों ताजियादार मौजूद रहे।  

इस मौके पर कोतवाल मोहम्मदी उमेश कुमार चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य तौहीद खान, प्रधान पप्पू खान, कयूम बेग, लल्लन शुक्ला, फजील बेग समेत गणमान्य लोग और पत्रकार मौजूद थे।

Related Articles

Comments

Back to Top