देशी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाएं उतरी
लखीमपुर खीरी Jun 06, 2026 at 06:40 PM , 10निघासन-खीरी।
क्षेत्र के गांव रानीगंज में देशी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाएं उतर आयीं। दुकान के बाहर लगी प्लास्टिक की पन्नी आदि उखाड़कर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को शांत कराया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को गांव झौआ पुरवा से रानीगंज में स्थानांतरित की जा रही देशी शराब की दुकान का महिलाओं ने पुरजोर विरोध किया। महिलाओं ने सबसे पहले 112 पुलिस को सूचना दी। उनके पहुंचते ही महिलाओं ने कहा कि यहां शराब की दुकान खुलने से उनके परिवार का भविष्य संकट में आ जायेगा। अकसर शराबियों का जमावडा़ लगा रहेगा। सामाजिक सौहार्द बिगडे़गा। महिलाओं ने दुकान के आसपास लगी प्लास्टिक की पन्नी आदि फाड़ दी। कुछ देर बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को किसी तरह शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि खमरिया पंचायत के झौवा पुरवा में देशी शराब की दुकान संचालित है। वहां बिक्री ना होती देख ठेकेदार ने आबकारी महकमे से सांठ गांठ करके गांव रानीगंज में बस्ती के अंदर दुकान खोलने पर सहमति ले ली। यहां के लोगों ने विरोध जताते हुये उपजिलाधिकारी समेत क्षेत्रीय विधायक शंशाक वर्मा को गांव के बाहर दुकान खोलने का ज्ञापन दिया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुये बस्ती से बाहर दुकान संचालित करने के निर्देश दिये थे। आरोप है कि शनिवार को ठेकेदार ने रानीगंज में दुकान खोलने के लिये तैयारी कर ली। महिलाओं को इसकी भनक लगते ही विरोध करना शुरु कर दिया। इस बाबत क्राइम इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि विरोध कर रही महिलाओं को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया है। उनसे कहा गया कि वह अपनी बात उच्चाधिकारियों के पास रखें जिससे समस्या का समाधान मिल सके।































Comments