महेशपुर रेंज में 30 लाख पौधरोपण की तैयारी पूरी, नर्सरी का हुआ निरीक्षण

लखीमपुर खीरी , 44

1 से 7 जुलाई वन महोत्सव के फलदार औषधीय पौधों को रोपण, 

गोला गोकर्णनाथ खीरी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर 1 से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव को लेकर महेशपुर वन रेंज ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को महेशपुर वन क्षेत्राधिकारी निर्भय प्रताप शाही और एसडीओ वन विभाग अभय कुमार मल्ल ने आंबला बीट स्थित नर्सरी का निरीक्षण कर पौधरोपण की तैयारियों का जायजा लिया।
 
महेशपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि रेंज के अंतर्गत कुल 30 लाख पौधों की नर्सरी तैयार की गई है। इसमें आबला बीट में 5.5 लाख, महेशपुर में 5 लाख और बीचपरी में 5 लाख पौधे शामिल हैं। वन महोत्सव के दौरान रेंज क्षेत्र की सरकारी व गैर-सरकारी भूमि पर 30 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष आम, जामुन, कटहल, सहजन जैसे फलदार तथा नीम, अर्जुन, आंवला, तुलसी जैसे औषधीय पौधों को विशेष प्राथमिकता दी गई है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों को आर्थिक लाभ भी मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पौधों की गुणवत्ता परखी और वन कर्मियों को समय से गड्ढा खुदाई सहित सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। डिप्टी रेंजर उमर खान, फॉरेस्टर अखिलेश सिंह, विजय सिंह, वन दरोगा रोहित श्रीवास्तव व माया प्रकाश, प्रज्ञान द्विवेदी, अभिषेक सिंह की देखरेख में नर्सरी तैयार की जा रही है।

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाता है, जिसमें जनसहभागिता से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का प्रयास किया जाता है।

Related Articles

Comments

Back to Top