ड्रग इंस्पेक्टर और एसएसबी की संयुक्त छापेमारी में मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाएं बरामद
लखीमपुर खीरी May 24, 2026 at 07:15 PM , 31सिंगाही/बेलरायां-खीरी। भारत-नेपाल सीमा से सटे तिकुनियां कस्बे में शनिवार को औषधि विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित एवं नशीली NRX श्रेणी की दवाएं बरामद की गईं। टीम ने मौके पर ही दवाओं को कब्जे में लेकर उनके नमूने सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
क्षजानकारी के अनुसार तिकुनियां कस्बे स्थित प्रिंस मेडिकल स्टोर से भारतीय युवाओं और नेपाल के नागरिकों को प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर औषधि निरीक्षक बबीता रानी और एसएसबी 70वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम को मेडिकल स्टोर से NRX श्रेणी की करीब 10 प्रकार की प्रतिबंधित दवाएं मिलीं। अधिकारियों ने मौके पर ही संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया। बताया गया कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में लंबे समय से प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इन दवाओं की सप्लाई सीमा पार नेपाल तक की जा रही थी।औषधि निरीक्षक बबीता रानी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ औषधि एवं मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त टीम में एसएसबी 70वीं बटालियन के जवान भी शामिल रहे।































Comments