बन रहे सेल्फी पॉइंट में मानकों की उड़ी धज्जियां

लखीमपुर खीरी , 65

धौरहरा-खीरी।
नगर को सुंदर बनाने की कवायद में भ्रष्टाचार का 'पीला' रंग चढ़ने लगा है। कोतवाली धौरहरा की भूमि (मंडी समिति के पास) पर नगर पंचायत द्वारा बनवाए जा रहे बहुप्रतीक्षित सेल्फी पॉइंट के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का गंभीर मामला सामने आया है।
मंगलवार से शुरू हुए इस निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा खुलेआम मानक विहीन सामग्री और दोयम दर्जे की 'पीली ईंटों' का प्रयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान को नगर के सौंदर्यीकरण और पहचान के लिए चुना गया था, वहां नींव में ही भ्रष्टाचार की ईंटें बिछाई जा रही हैं।
निरीक्षण का अभाव, ठेकेदार की मनमानी
हैरानी की बात यह है कि नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रशासन के पास कोई ठोस तंत्र नहीं दिख रहा। स्थलीय निरीक्षण के अभाव में ठेकेदार अपनी मनमानी पर उतारू हैं। नगर को सुंदर बनाने का उद्देश्य अब ठेकेदारों की जेब भरने का जरिया बनता दिख रहा है।
सफेदपोशों और जिम्मेदारों की चुप्पी पर अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या कोतवाली जैसी संवेदनशील जगह पर हो रहे इस घटिया निर्माण पर नगर प्रशासन संज्ञान लेगा या फिर मानक विहीन सामग्री से बना यह सेल्फी पॉइंट अपनी बदहाली पर खुद 'सेल्फी' लेगा?

Related Articles

Comments

Back to Top