*मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की परखी हकीकत, दिए निर्देश*

लखीमपुर खीरी , 167

*लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण व कार्मिकों के देयकों के भुगतान के निर्देश*

*निरीक्षण में चाक चौबंद मिली व्यवस्थाएं, आयुक्त ने की प्रशासन की सराहना*

लखीमपुर खीरी, 24 फरवरी। लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस मौके पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, सीडीओ अभिषेक कुमार, अपर आयुक्त (न्यायिक) देव दीप्ति एवं एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह मौजूद रहे।

संयुक्त कार्यालय में निरीक्षण की शुरुआत करते हुए मंडलायुक्त ने सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के अभिलेखों का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि सेवानिवृत्ति से संबंधित सभी देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित कराया जाए। न्याय सहायक के पटल पर गैंगस्टर एवं मजिस्ट्रियल जांच पंजिका की समीक्षा कर लंबित रिपोर्टों की स्थिति जानी गई। साथ ही ग्राम चौकीदारों के रिक्त पदों की जानकारी ली गई।

वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कार्मिकों के PRAN नंबर अलॉटमेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कोषाधिकारी से समन्वय स्थापित कर शिविर आयोजित कराए जाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित प्राप्त आवेदनों, सेवा पुस्तिकाओं एवं ऑडिट आपत्तियों की अद्यतन स्थिति का भी परीक्षण किया गया।

अपर उपजिलाधिकारी न्यायालय से निर्गत आदेशों के दाखिले रजिस्टर का अवलोकन करते हुए समय से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। अभिलेखागार माल एवं न्याय अनुभाग में नकल प्रक्रिया तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कार्मिकों से अग्निशमन यंत्रों के संचालन की प्रक्रिया की जानकारी भी ली गई।

डीएलआरसी पटल पर एंटी भूमाफिया रजिस्टर एवं भूमि विनिमय प्रकरणों की जांच करते हुए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत प्राप्त स्वीकृत एवं अस्वीकृत दावों की प्रगति जानी गई। निस्तारित पत्रावलियों का भी अवलोकन किया गया। संग्रह अनुभाग में आरसी रजिस्टर का निरीक्षण कर तहसीलदारों को प्रत्येक 15 दिन में इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। भूलेख अनुभाग में संदर्भ रजिस्टर एवं शस्त्र अनुभाग में थानों से मिलान की स्थिति की जांच करते हुए वरासत से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। शस्त्र दुकानों के सत्यापन रजिस्टर के अवलोकन के दौरान अंतिम सत्यापन दीपावली के समय का पाए जाने पर नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अटल सभागार व एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल का भी अवलोकन किया और वहां की आधुनिक सुविधाओं व खूबसूरती की सराहना की।इस दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, अर्चना ओझा, नाजिर मो सलीम मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top