धूमधाम से मनाया गया पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मातृ-पितृ पूजन एवं महाशिवरात्रि पर्व

लखीमपुर खीरी , 166

लखीमपुर खीरी। शनिवार को
पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (सीबीएसई) के प्रांगण में मातृ-पितृ पूजन एवं महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन उप-प्रधानाचार्य संजय द्विवेदी जी की सुव्यवस्थित कार्ययोजना के अंतर्गत संपन्न हुआ। मंच संचालन का दायित्व आशीष बाजपेई जी ने निभाया तथा अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान जी द्वारा कराया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में  मंजू जायसवाल जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में सूरज जायसवाल जी, विद्यालय के कोषाध्यक्ष विमल अग्रवाल जी तथा प्रबंधक रवि भूषण साहनी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथि परिचय के उपरांत बहनों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें सुंदर गीत एवं नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। भैयाओं द्वारा भी एक प्रेरणादायी गीत की प्रस्तुति दी गई। विद्यालय के आचार्य कुलदीप शुक्ल जी ने अपने उद्बोधन में महाशिवरात्रि एवं मातृ-पितृ पूजन की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लगभग 150 भैया-बहनों के माता-पिता ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने श्रद्धा भाव से अपने माता-पिता का पूजन-अर्चन किया। भगवान शिव की आरती एवं मातृ-पितृ आरती के साथ वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
अंत में प्रबंधक जी द्वारा आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top