नहर पटरी सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर सीडीओ ने लिया एक्शन

लखीमपुर खीरी , 103

लखीमपुर खीरी। विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त संदेश दे दिया है। राजापुर से नहर पटरी फोरलेन सड़क निर्माण में मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार ने बुधवार को औचक निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार किया। सीडीओ ने मौके पर पहुंचते ही औपचारिकता छोड़ दी और सड़क की खुदाई कराकर निर्माण सामग्री का नमूना संग्रहित कराया। सैंपल को विधिवत सील कर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा गया है। सीडीओ ने रोड पर ही पीडब्लूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई, निर्माण में हो रही लापरवाही को लेकर स्पष्ट किया कि सिर्फ कागज़ पर रिपोर्ट और औपचारिकताओं से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया और निर्देश दिया कि सिर्फ गुणवत्ता सुनिश्चित होने पर ही सड़क निर्माण जारी होगा। सीडीओ के सख्त रवैये ने अधिकारियों और ठेकेदारों में खलबली मचा दी।निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता केके झा को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जांच में गुणवत्ता मानकों से विचलन पाया जाता है तो अनुबंध की शर्तों के तहत ठेकेदार के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आर्थिक दंड (पेनल्टी) लगाने की प्रक्रिया भी तय मानते हुए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने दो टूक कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाले कार्यों में लापरवाही अस्वीकार्य है। हर सड़क टिकाऊ, सुरक्षित और मानक अनुरूप होनी चाहिए। गुणवत्ता से समझौता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी परीक्षण और समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Comments

Back to Top