क्रॉस रोड इंटरनेशनल स्कूल भवन की सुरक्षा जांच की मांग
लखीमपुर खीरी Jan 31, 2026 at 06:50 PM , 149गोला गोकर्णनाथ खीरी।
शहर की बांकेगंज रोड स्थित क्रॉस रोड इंटरनेशनल स्कूल को लेकर इन दिनों क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों के बीच स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कुछ समय पूर्व स्कूल भवन में आग लगने की घटना के बाद उसका लिंटर और दीवारें जर्जर हो चुकी है, इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा सांठ गांठ कर स्कूल की एनओसी जारी कर दी गई, जो कई संदेहों को जन्म दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस भवन में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है, उसकी स्थिति मजबूत नहीं है। आरोप है कि आग की घटना के बाद भवन की तकनीकी जांच नहीं कराई गई, जबकि उसी भवन में रोजाना सैकड़ों बच्चे और शिक्षक मौजूद रहते हैं। ऐसे में किसी भी समय कोई बड़ी अनहोनी होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
समाजसेवियों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर बच्चों और शिक्षकों की जान को खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि स्कूल भवन की पीडब्ल्यूडी या सक्षम तकनीकी एजेंसी से मानक के अनुसार जांच कराई जाए और जब तक भवन पूरी तरह सुरक्षित घोषित न हो जाए, तब तक विद्यालय के संचालन पर रोक लगाई जाए।
लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि भवन वास्तव में कमजोर है तो एनओसी किन परिस्थितियों में जारी की गई। इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। समाजसेवियों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निरीक्षण कर स्पष्ट स्थिति जनता के सामने रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बच्चों का भविष्य और जीवन दोनों ही अनमोल हैं, इसलिए प्रशासन को इस मामले में कठोर और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए।






_page-0001.jpg)
























Comments